
सारंगढ़ – बिलाईगढ़ : क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर जनप्रतिनिधियों की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला पंचायत सभापति श्रीमती संतोषी अरविंद खटकर द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री माननीय ओ.पी. चौधरी को ज्ञापन सौंपकर लोक निर्माण विभाग से जशपुर (कछार) से नावापारा तक सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि जशपुर से नावापारा की दूरी लगभग 2 से 2.5 किलोमीटर है, जो दोनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। जशपुर की जनसंख्या लगभग 6000 से अधिक तथा नावापारा की आबादी 900 से अधिक है। इसके बावजूद अब तक इस मार्ग पर सड़क निर्माण नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विशेष रूप से विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। वर्तमान स्थिति में मार्ग इतना खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का संपर्क लगभग टूट जाता है।
जिला पंचायत सभापति श्रीमती खटकर ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि इस सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने माननीय मंत्री से शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
ज्ञापन की प्रतिलिपि उपमुख्यमंत्री माननीय अरुण साव को भी प्रेषित की गई है।
