CG BREAKING: बस से 480 बोतल कफ सिरप जब्त, ड्राइवर-कंडक्टर समेत 3 गिरफ्तार

Krishna Nirala
By - Editor
2 Min Read

जसपुर । जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़ जा रही एक यात्री बस से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की है। इस मामले में बस चालक, कंडक्टर और खलासी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई तपकरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की। पुलिस को 10 अप्रैल की रात सूचना मिली थी कि जशपुर से तपकरा होते हुए रायगढ़ जाने वाली वासुदेव बस (क्रमांक CG-13-Q-1800) में अवैध नशीली कफ सिरप ले जाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस ने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर बस को रोक लिया। 

रात करीब 11:45 बजे बस की तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की में दो झोलों के अंदर छिपाकर रखे गए चार कार्टून बरामद हुए। इन कार्टूनों से 100-100 मिलीलीटर की कुल 480 बोतलें प्रतिबंधित कफ सिरप मिलीं।

इसमें कोडीन फॉस्फेट और ट्राईपोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड युक्त “ऑनरेक्स” सिरप शामिल है। जब्त कफ सिरप की कुल मात्रा लगभग 48 लीटर और बाजार कीमत करीब 96,720 रुपये बताई गई है। पूछताछ में पहले बस स्टाफ ने अनभिज्ञता जताई, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि यह कफ सिरप बिहार के गया से लाई गई थी और इसे रायगढ़ में सप्लाई किया जाना था। 

आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल बस (CG-13-Q-1800) को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बसंत पटेल (33 वर्ष) निवासी बगुडेगा लैलूंगा, सतीश कुमार चौहान (45 वर्ष) निवासी नैला जूना तालाब जांजगीर और भोला राम (46 वर्ष) निवासी कंडोरा कुनकुरी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्यवाही मे थाना टपकरा का सहायक उपनिरीक्षक रामजी साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक महेंद्र पैंकरा,किसुन कुमार,रुपेश यादव एवं लोकेश ठाकुर,की महत्वपूर्ण भूमिका रही |

Share This Article